

जशपुर: जशपुर पुलिस विभाग के वरिष्ठ एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू 40 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय जशपुर में आयोजित गरिमामय समारोह में डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में डॉ. सिंह ने श्री साहू के दीर्घ सेवाकाल, अनुकरणीय कार्यशैली और विभाग के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए हेलमेट भी भेंट किया गया।उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू ने 18 सितंबर 1986 को मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने दुर्ग और जशपुर जिले के विभिन्न थानों एवं इकाइयों में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर वे आरक्षक से पदोन्नत होकर उप निरीक्षक के पद तक पहुंचे।
उन्होंने लूट, डकैती, हत्या और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों की विवेचना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2021 के चर्चित पत्थलगांव हिट एंड रन मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आरोपियों की गिरफ्तारी में उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।अपने सरल, सौम्य और मार्गदर्शक व्यक्तित्व के कारण विभाग में वे "गुरूजी" के नाम से लोकप्रिय रहे। उन्होंने अनेक युवा पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर विभाग में एक कुशल प्रशिक्षक की पहचान बनाई।विदाई समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिजनों ने उनके साथ जुड़े अनुभव साझा करते हुए स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, उप पुलिस अधीक्षक कुंजराम चौहान, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




















