

बलरामपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में जिले भर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मात्र 12 घंटे के भीतर 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
जानकारी के अनुसार जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों के तामील हेतु विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 1 जून 2026 को तड़के लगभग 3 बजे से थाना एवं चौकी स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान कई वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
पुलिस की कार्रवाई में रामानुजगंज थाना से 4, कुसमी थाना से 4, कोतवाली बलरामपुर से 1, रघुनाथनगर से 3, बसंतपुर से 2, वाड्रफनगर चौकी से 2, चलगली से 1, रनहत चौकी से 1, चांदो थाना से 1, विजयनगर चौकी से 1, सनावल थाना से 1 तथा बरियों चौकी से 1 वारंटी को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की सीमाएं झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से लगी होने के कारण असामाजिक तत्वों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। इसे देखते हुए जिले में लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। थाना एवं चौकी क्षेत्रों में गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा बैंक, एटीएम, सराफा दुकान, होटल, लॉज और ढाबों की नियमित जांच भी की जा रही है।अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी लेकर उन्हें अपराध से दूर रहने की समझाइश भी दी। वहीं सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार गश्त, डोमिनेशन और वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने जिलेवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अवैध अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















