

बिरमित्रापुर: सुंदरगढ़ जिले के बिरमित्रापुर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-143 की बदहाल स्थिति के विरोध में मंगलवार को बिरमित्रापुर पूरी तरह बंद रहा। खराब सड़क से परेशान स्थानीय लोगों, व्यापारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों ने बंद का समर्थन करते हुए हाट-बाजार और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-143 लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और बारिश के कारण इनमें कीचड़ भर गया है। कई स्थानों पर सड़क की गिट्टियां उखड़कर बाहर आ गई हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय जनता द्वारा सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत और मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। इसी के विरोध में मंगलवार को बिरमित्रापुर बंद का आह्वान किया गया, जिसे सभी दलों के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय व्यापारियों का समर्थन मिला।
बताया गया कि सोमवार को आईबी में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि जब तक राष्ट्रीय राजमार्ग की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक बिरमित्रापुर में अनिश्चितकालीन बंद जारी रखा जाएगा।
बंद के दौरान हाट-बाजार समेत प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। वहीं, सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत से कोई ठोस समाधान निकलता है या बिरमित्रापुर बंद का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।











