

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। JPSC, JSSC-CGL समेत अन्य भर्ती परीक्षाओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र पिछले 12 दिनों से धरने पर बैठे हैं। इसी बीच आंदोलन कर रहे छात्रों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी रांची आने की अपील करते हुए बड़ा सवाल उठाया है।
राहुल गांधी से छात्रों ने पूछा यह सवाल
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों पर छात्रों की आवाज उठाई थी, लेकिन झारखंड में चल रहे आंदोलन पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। छात्रों ने कहा कि यदि देशभर के युवाओं के मुद्दों की बात की जाती है तो रांची के छात्रों की मांगों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।इस दौरान एक छात्र ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा, 'हबीबी कम टू रांची।' इस टिप्पणी का वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
12 दिनों से जारी है आंदोलन
रांची में छात्र JPSC, JSSC-CGL और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार धरना दे रहे हैं। आंदोलन में शामिल चार छात्र आमरण अनशन पर भी बैठे हुए हैं।
सोनम वांगचुक ने की वीडियो कॉल पर बातचीत
आंदोलन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत की। बातचीत के बाद उन्होंने पानी पी लिया, लेकिन उनका अनिश्चितकालीन अनशन अभी भी जारी है।
सरकार ने बातचीत के लिए जताई तैयारी
छात्रों के आंदोलन पर झारखंड सरकार का कहना है कि बातचीत के लिए सरकार के दरवाजे खुले हैं। सरकार ने कहा कि यदि छात्र अपनी मांगों को लेकर चर्चा करना चाहते हैं तो वे वार्ता के लिए आ सकते हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि संबंधित मामलों की जांच एजेंसियां जांच कर रही हैं और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
आंदोलन पर बनी हुई है सबकी नजर
लगातार 12 दिनों से जारी इस आंदोलन ने अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज कर दी है। छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत कब और किस निष्कर्ष तक पहुंचती है।










