
रायपुर। छत्तीसगढ़ में NEET UG काउंसलिंग 2026 के दौरान डोमिसाइल और अन्य दस्तावेजों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के स्थानीय विद्यार्थियों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के पात्र छात्रों के अधिकार वाली एक भी सीट प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में सीटों और संस्थानों का विस्तार प्रदेश के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से किया गया है। ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रवेश का लाभ केवल नियमों के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों को ही मिले।
नियम तोड़ने वालों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि डोमिसाइल या अन्य दस्तावेजों को लेकर किसी तरह की शिकायत सामने आने पर उसकी गंभीरता से जांच कराई जाएगी। जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, गलत जानकारी देने, तथ्य छिपाने या प्रवेश नियमों का उल्लंघन करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्थानीय विद्यार्थियों ने मेडिकल प्रवेश के लिए कड़ी मेहनत की है और उनके अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
ऑनलाइन काउंसलिंग के बाद होगा मूल दस्तावेजों का सत्यापन
NEET UG 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से संचालित की जा रही है। इसमें पंजीयन, विकल्प चयन, मेरिट के आधार पर सीट आवंटन, दस्तावेजों की जांच और प्रवेश की आगे की प्रक्रिया शामिल है।
सीट आवंटित होने के बाद अभ्यर्थियों को आवश्यक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। दस्तावेजों का सत्यापन होने और अभ्यर्थी के पात्र पाए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
डोमिसाइल और श्रेणी प्रमाण-पत्र की भी होगी जांच
दस्तावेज सत्यापन के दौरान मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी या संवर्ग प्रमाण-पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य कोटे और अन्य आरक्षित प्रावधानों का लाभ केवल वास्तविक और पात्र अभ्यर्थियों को ही मिले।
मंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों की संख्या बढ़ना महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी यह है कि इन अवसरों का लाभ छत्तीसगढ़ के योग्य विद्यार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।




















