उज्जैन :मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री रविकांत मालवीय का जन्मदिन समारोह विवादों में आ गया है। आरोप है कि रविवार को शासकीय अवकाश होने के बावजूद कार्यालय खुलवाया गया और परिसर में जन्मदिन का भव्य आयोजन किया गया।

बताया जा रहा है कि सहायक यंत्री ढोल-नगाड़ों के साथ हाथी पर सवार होकर कार्यालय पहुंचे। इसके बाद परिसर में केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। आयोजन से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद सरकारी कार्यालय के उपयोग और विभागीय अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। समारोह में केक के पास नोटों की गड्डियां रखे होने की बात भी चर्चा में है।

अवकाश के दिन कार्यालय खुलने पर उठे सवाल

मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि रविवार को बंद रहने वाले सरकारी कार्यालय को निजी समारोह के लिए किसकी अनुमति से खोला गया। अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या आयोजन के लिए सक्षम अधिकारी से औपचारिक अनुमति ली गई थी या नहीं।

इसके अलावा कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर भी चर्चा है। यदि कर्मचारी समारोह में शामिल थे, तो उनकी उपस्थिति का आधार क्या था और आयोजन पूरी तरह निजी था या इसमें विभागीय संसाधनों का उपयोग किया गया, यह भी जांच का विषय हो सकता है।

भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद जश्न ने बढ़ाई चर्चा

विवाद इसलिए भी गहरा गया है क्योंकि सहायक यंत्री रविकांत मालवीय को लेकर कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी खबर सामने आने के अगले ही दिन इस भव्य जन्मदिन समारोह की चर्चा शुरू हो गई। सरकारी परिसर में हाथी, ढोल-धमाकों और विशेष आयोजन के साथ हुए जश्न ने अधिकारी के रसूख और विभागीय व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

फिलहाल इस मामले में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विभाग आयोजन की परिस्थितियों, कार्यालय खुलवाने की अनुमति और सरकारी परिसर के उपयोग की जांच करता है या नहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!