

पत्थलगांव: जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहेअभियान के तहत पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 लीटर 300 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी एवं देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब **16,440 रुपये** कीमत की शराब और तस्करी में प्रयुक्त **प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG 14 MU 1427)** जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 28 जून की रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल से ग्राम पालीडीह की ओर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 114 नग शराब बरामद हुई, जिसमें मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की, सिंबा बीयर, मुडोफ व्हिस्की, गोल्डन गोवा व्हिस्की तथा देसी प्लेन मदिरा शामिल थी। कुल मिलाकर 27.3 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक तथा आरक्षक राजेंद्र रात्रे और विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











