अंबिकापुर: होली क्रॉस वीमेन्स कॉलेज अंबिकापुर में स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-27) की नवप्रवेशित छात्राओं के लिए 27 जुलाई से 1 अगस्त तक छह दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) तथा विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और प्रार्थना गीत के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शांता जोसेफ ने नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा के महत्व अनुशासित जीवन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।छह दिनों तक आयोजित विभिन्न सत्रों में छात्राओं को महाविद्यालय की नियमावली, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय एवं आईसीटी सुविधाओं, एंटी-रैगिंग प्रकोष्ठ, शिकायत निवारण व्यवस्था, महिला सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, एनसीसी, एनएसएस, खेल गतिविधियों और नैतिक शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान प्रेरक व्याख्यान, समूह गतिविधियां, प्रतिभा प्रदर्शन, प्रश्नोत्तरी और शैक्षणिक वीडियो के माध्यम से छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।

महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों ने छात्राओं को शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी देते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में प्राचार्य ने छात्राओं से अनुशासन, सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन के साथ अपने शैक्षणिक जीवन को सफल बनाने का आह्वान किया।

इंडक्शन कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम संयोजक डॉ. नीना गुप्ता, दिव्या सिंह तथा महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!