

रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा के साथ दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार उड़ीसा के सोनपुर क्षेत्र से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक गांजे की बड़ी खेप भेजी जा रही थी। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी के दौरान एक इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति सुजुकी एक्सएल-6 को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान इनोवा वाहन में दोहरी नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे पुलिस का संदेह और बढ़ गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से कुल 300 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा के साथ परिवहन में प्रयुक्त दोनों वाहनों और पांच मोबाइल फोन को जब्त कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कश्यप निवासी रामानुजगंज (बलरामपुर), रिंकु कश्यप निवासी दरिमा (सरगुजा) तथा धर्मेन्द्र कुमार मौर्य निवासी अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ लैलूंगा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।पूछताछ में आरोपियों ने गांजे की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है। इसके बाद पुलिस ने पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने के लिए विशेष टीम को सरगुजा और अनूपपुर रवाना किया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





















