

जशपुर: जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में युवती की आत्महत्या के चर्चित मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए युवती को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में उसके शादीशुदा प्रेमी रविशंकर राम (28) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 मई 2026 की रात एक 22 वर्षीय युवती गुप्त रूप से थाना कुनकुरी परिसर में प्रवेश कर वहां स्थित वायरलेस टावर पर चढ़ गई थी। करीब 70 फीट ऊंचे टावर पर पहुंचकर उसने अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू की।जांच के दौरान मृतिका के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को युवती और रविशंकर राम के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से एक दिन पहले आरोपी युवती को अपने साथ ले गया था, जहां दोनों के बीच संबंधों को लेकर विवाद हुआ।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवती से कहा था कि वह उसे पसंद नहीं करता और केवल समय बिताने के लिए उससे मोबाइल पर बात करता था। साथ ही उसने खुद के शादीशुदा होने और दो बच्चों का पिता होने की बात भी बताई। इस दौरान युवती ने आत्महत्या करने की बात कही, जिस पर आरोपी ने कथित रूप से उसे आत्महत्या कर लेने के लिए कहा।घटना के बाद युवती मानसिक रूप से काफी आहत थी। अगले दिन उसने थाना परिसर स्थित वायरलेस टावर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। विवेचना में आरोपी द्वारा आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना कुनकुरी में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 108 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।पुलिस ने आरोपी रविशंकर राम निवासी बागगुड़ी, थाना दुलदुला, जिला जशपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।मामले की जांच एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी विनोद मण्डावी, उप पुलिस अधीक्षक भावेश कुमार समरथ, थाना प्रभारी राकेश यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। कानून से ऊपर कोई नहीं है।





















