बलरामपुर: कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग द्वारा ग्राम भेदमी स्थित बृजलाल गुप्ता किराना स्टोर का निरीक्षण किया गया।

खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान दुकान संचालक  बृजलाल गुप्ता की उपस्थिति में दुकान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक प्लास्टिक कैरेट में प्लास्टिक की एक-एक लीटर क्षमता वाली 16 बोतलों में कुल 16 लीटर पेट्रोल रखा हुआ पाया गया। जांच के दौरान दुकान से तेल नापने का 5 लीटर क्षमता का मापक, एक कीप तथा एक प्लास्टिक छन्नी भी पाई गई। जांच के दौरान दुकान संचालक द्वारा पेट्रोल के क्रय-विक्रय अथवा भंडारण से संबंधित कोई वैध बिल-बीजक अथवा अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। जिस पर उक्त पेट्रोल को जप्त किया गया। खाद्य विभाग द्वारा संबंधित व्यक्ति पर मोटर स्पिरिट तथा हाई स्पीड डीजल ऑयल (प्रदाय तथा वितरण का विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश 2005 के प्रावधानों के उल्लंघन एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि पेट्रोल, डीजल एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण अथवा विक्रय की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!