
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा एक वायरल तस्वीर को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही इस तस्वीर के साथ दावा किया जा रहा है कि सानिया ने अपनी टेनिस एकेडमी की जमीन मस्जिद निर्माण के लिए दे दी है। हालांकि, इस पूरे मामले पर उनके पिता इमरान मिर्जा ने सामने आकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को निराधार बताते हुए कहा कि एकेडमी की जमीन पर मस्जिद बनाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने वायरल तस्वीर को भी AI से तैयार किया गया बताया है।
क्या सानिया मिर्जा की एकेडमी की जमीन पर बन रही मस्जिद?
दरअसल, सोशल मीडिया पर सानिया मिर्जा की एक तस्वीर तेजी से शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में वह भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ दिखाई दे रही हैं। तस्वीर के आधार पर कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि सानिया ने अपनी टेनिस एकेडमी की जमीन मस्जिद निर्माण के लिए दे दी है।इस दावे के सामने आने के बाद मामले ने सोशल मीडिया पर तूल पकड़ लिया। हालांकि, सानिया के परिवार की ओर से इन खबरों का खंडन किया गया है। उनके पिता इमरान मिर्जा ने स्पष्ट किया कि वायरल तस्वीर वास्तविक नहीं है और इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है।
इमरान मिर्जा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया खुलासा
सानिया मिर्जा के पिता इमरान मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर वायरल दावों की हकीकत बताई। उन्होंने साफ किया कि जिस परिसर में सानिया की टेनिस एकेडमी संचालित होती है, वहां मस्जिद निर्माण से जुड़ी कोई गतिविधि नहीं चल रही है।उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक जानकारी को गलत बताया। इसके अलावा इमरान ने सानिया के सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उनसे जुड़े सामाजिक कार्य उनका व्यक्तिगत विषय हैं।
टेनिस की दुनिया में सानिया मिर्जा का शानदार रिकॉर्ड
सानिया मिर्जा भारतीय टेनिस इतिहास की सबसे चर्चित और सफल महिला खिलाड़ियों में शामिल रही हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन से भारत को अलग पहचान दिलाई। उनके नाम छह ग्रैंड स्लैम खिताब दर्ज हैं, जिनमें तीन महिला युगल और तीन मिश्रित युगल के खिताब शामिल हैं।सानिया महिला युगल विश्व रैंकिंग में नंबर-1 का स्थान हासिल कर चुकी हैं। साल 2003 में उन्होंने विंबलडन गर्ल्स डबल्स का खिताब भी अपने नाम किया था। इसके अलावा वह WTA सिंगल्स रैंकिंग में शीर्ष 30 में जगह बनाने वाली एकमात्र भारतीय महिला टेनिस खिलाड़ी हैं।खेल जगत में अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ सानिया मिर्जा सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। फिलहाल उनकी एकेडमी की जमीन को लेकर वायरल हो रहा दावा उनके पिता के बयान के बाद निराधार बताया गया है।



















