जशपुर:  प्यार और शादी का झांसा देकर 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को अपने साथ मुंबई ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में जशपुर पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुंबई के नाला सोपारा से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 20 सितंबर 2026 को अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, 17 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। उस दौरान बेटी अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। अगले दिन सुबह जब परिजन उठे तो वह कमरे से गायब मिली। रिश्तेदारों और आसपास काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने अजय पुरी पर बहला-फुसलाकर बेटी को अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था।रिपोर्ट पर पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। नाबालिग की तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर की सूचना, तकनीकी टीम की मदद और परिजनों के सहयोग से पता चला कि आरोपी मुंबई के नाला सोपारा में मौजूद है और नाबालिग बालिका भी उसके साथ है।

डीआईजी के निर्देश पर विशेष टीम पहुंची मुंबई

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पत्थलगांव थाने से विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम को नाबालिग की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुंबई रवाना किया गया। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी अजय पुरी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। इसमें उसने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी पहचान आरोपी अजय पुरी से हुई थी। आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उससे संपर्क बनाए रखा और अलग-अलग अवसरों पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि 18 सितंबर 2026 को आरोपी उसे काम दिलाने के बहाने मुंबई ले गया था, जहां दोनों रह रहे थे।पीड़िता के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ी हैं। पुलिस ने पीड़िता का महिला चिकित्सक से मेडिकल परीक्षण कराया और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और विवेचना में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अजय पुरी (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, एएसआई लखेश कुमार साहू, आरक्षक आकाश एवं महिला आरक्षक शारदा नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुंबई से नाबालिग बालिका को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है तथा मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!