
रायपुर: छत्तीसगढ़ में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 में प्रवेश की प्रक्रिया को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रवेश के लिए अभिभावक 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले 2 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक निजी स्कूलों का पंजीयन, प्रोफाइल अपडेट और उपलब्ध सीटों के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने पर 1 दिसंबर 2026 से 7 जनवरी 2027 तक दस्तावेजों की जांच और आवेदन में पाई गई त्रुटियों को सुधारने का अवसर दिया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 11 और 12 जनवरी 2027 को राज्य स्तर से जिलावार लॉटरी निकाली जाएगी। इसी के आधार पर पात्र बच्चों का निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया 14 जनवरी से शुरू होकर 10 फरवरी 2027 तक चलेगी।
नए शिक्षा सत्र के अनुरूप पहले शुरू होगी प्रवेश प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने आगामी शैक्षणिक सत्र से शिक्षा सत्र की अवधि में बदलाव करते हुए इसे 1 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित करने का निर्णय लिया है। इसी नई व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए RTE के तहत प्रवेश प्रक्रिया पहले शुरू की जा रही है, ताकि नए शिक्षा सत्र के प्रारंभ होने से पहले बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया पूरी की जा सके।ऐसे में RTE के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे अभिभावकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।













