
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की स्कॉलरशिप योजना को लेकर एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की प्रतिनिधि श्रीमोई नाथ ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्रवृत्ति योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। इसके बाद संवाद सत्र में छात्राओं ने स्कॉलरशिप से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया।
छात्राओं की मदद के लिए हेल्प डेस्क
महाविद्यालय में अधिक से अधिक पात्र छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए नियमित हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। यहां अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि और महाविद्यालय के कर्मचारी छात्राओं को आवेदन फॉर्म भरने सहित अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में आवश्यक मार्गदर्शन देंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की स्कॉलरशिप योजना छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण और क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष महाविद्यालय की 215 छात्राओं को इस योजना का लाभ मिला था। इस वर्ष प्रयास है कि कोई भी पात्र छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।
आईक्यूएसी को-ऑर्डिनेटर डॉ. उमेश पांडेय ने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इस वर्ष 100 प्रतिशत पात्र छात्राओं को स्कॉलरशिप दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के कंप्यूटर विभाग का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संयुक्त संयोजन डॉ. दीपक सिंह एवं डॉ. उमेश पांडेय ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।




















