रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के एक कमरे में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की चाकू से हत्या कर दी। इसके बाद उसने स्वयं का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

होटल के कमरा नंबर 401 में रुका था जोड़ा

पुलिस के अनुसार, घटना होटल के तीसरे तल पर स्थित कमरा नंबर 401 में हुई। युवक की पहचान कृष्ण कुमार भारद्वाज निवासी मोहावन, दशानंतपुर गोसाई, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान रिमन मंडावी निवासी अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (छत्तीसगढ़) के रूप में की गई है।

चीख सुनकर कर्मचारियों ने तोड़ी खिड़की

होटल कर्मचारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच कमरे से तेज चीखने की आवाजें सुनाई दीं। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने कमरे की खिड़की तोड़ी।

अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। युवती खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी, जबकि युवक खुद का गला काटने का प्रयास कर रहा था।

अस्पताल में युवती को मृत घोषित किया गया

सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

हत्या के कारणों की जांच जारी

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना प्रेम संबंध से जुड़ी हो सकती है, लेकिन हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। युवक के बयान और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!