रायपुर: देशभर में शुक्रवार, 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ में आजादी के जश्न के बीच मौसम भी मेहरबान रहने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी से अति भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान प्रशासन और आम लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे लगे पश्चिम बंगाल के ऊपर बना डिप्रेशन अभी सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। कुसमी में सर्वाधिक 180 मिमी यानी करीब 7.1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं दौरा कोचली, बिहारपुर और प्रतापपुर में 130-130 मिमी बारिश दर्ज की गई।राजधानी रायपुर में भी स्वतंत्रता दिवस के दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो छत्तीसगढ़ में 1 जून से 13 अगस्त तक 668.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिमी होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में अब तक करीब 9 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक हुई कुल बारिश सामान्य श्रेणी में बनी हुई है।

मौसम विभाग ने लोगों से विशेषकर स्वतंत्रता दिवस समारोहों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। बिजली चमकने और तेज बारिश के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!