

देशभर में पेट्रोल-डीजल की बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार लगातार जागरूकता अभियान चला रही है. भाजपा सहित कई संगठन इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग और ईंधन बचत का संदेश दे रहे हैं, लेकिन शहडोल में एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने सरकारी सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता डीजल बचाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए जागरूकता रैली निकाल रहे थे. वहीं दूसरी ओर उमरिया जिले के वन विभाग के एक अधिकारी सरकारी वाहन से दूसरे जिले में डीजल जलाकर आकर पौधे खरीदते नजर आए. अब इस पूरे मामले को लेकर सरकारी संसाधनों के उपयोग पर बहस शुरू हो गई है.
क्या है पूरा मामला?
मामला उमरिया जिले के नौरोजाबाद रेंज का है, जहां रेंज ऑफिसर पियूष त्रिपाठी शासकीय वाहन से डीजल जलाकर उमरिया जिले से शहडोल जिला पहुंचे थे. शहडोल जिले के जिला जेल परिसर के पास स्थित नर्सरी से करीब 10 पौधे खरीदने आए थे जबकि यही पेड़ पौधे उमरिया जिले में भी मिलता है. इसी दौरान शहर में भाजपा द्वारा डीजल बचत और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता रैली निकाली जा रही थी. सड़क पर दो तस्वीरें एक साथ दिखाई दी, एक तरफ ईंधन बचाने का संदेश, दूसरी तरफ सरकारी डीजल खर्च कर पौधे खरीदने पहुंचे अधिकारी.





















