


बलरामपुर: बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और बाद में प्रताड़ित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी कमिल यादव को 12 जून को गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से कमिल यादव से हुई। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गया। आरोपी ने शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाए।रिपोर्ट में बताया गया कि दिसंबर 2025 में आरोपी के परिजन पीड़िता के घर पहुंचे और बेटे की शादी कराने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद मार्च 2026 से आरोपी कमिल यादव तथा उसके माता-पिता और भाई ने युवती के साथ मारपीट और प्रताड़ना शुरू कर दी तथा उसे घर से निकाल दिया।पीड़िता की शिकायत पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 70/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 89, 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की गई।जांच के दौरान मुख्य आरोपी कमिल यादव के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 12 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था। आगे की विवेचना में अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने पूछताछ के बाद राजकुमार यादव, सविता उर्फ सरिता यादव तथा गनेश्वर यादव को 29 जून 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।





















