

मरवाही: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध पशु परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बूचड़खाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कर उनके संरक्षण की व्यवस्था की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19-20 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को अवैध रूप से बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने थाना मरवाही, चौकी कोटमी और साइबर सेल की संयुक्त टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने दानीकुंडी के पास घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक UP 70 GT 3794 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए कुम्हारी बस स्टैंड के पास ट्रक को रोक लिया।तलाशी के दौरान ट्रक में 26 भैंसों को अत्यंत अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया। चालक से पशुओं के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने सभी भैंसों को सुरक्षित बाहर निकालकर नियमानुसार उनके संरक्षण की व्यवस्था की तथा ट्रक को जब्त कर लिया। मामले में चालक वाल्मीक साकेत (30 वर्ष), पिता रामलाल साकेत, निवासी रोहिया, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के खिलाफ थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 138/26दर्ज किया गया है।
आरोपी के विरुद्ध कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 111के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने थाना प्रभारी मरवाही को मामले की एंड-टू-एंड विवेचनाकर पशु तस्करी से जुड़े सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध पशु परिवहन और पशु क्रूरता के मामलों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।











