

बलरामपुर।सुशासन त्यौहार के अंतर्गत आमजन तक प्रशासन और पुलिस की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार 15 मई 2026 को थाना पस्ता की टीम द्वारा ग्राम झलारिया में चलित थाना लगाया गया। इस दौरान ग्रामीणों एवं आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुनने का प्रयास किया गया। हालांकि कार्यक्रम के दौरान थाना संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर जागरूक करते हुए साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।इसके अलावा यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने की अपील की। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले हादसों और कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान, बाल विवाह रोकथाम एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की घटना, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

थाना प्रभारी जन्मेजय पांडे ने बताया कि सुशासन त्यौहार के माध्यम से पुलिस आमजन के बीच पहुंचकर विश्वास कायम करने और लोगों को कानून एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी देने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ने से अपराधों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलती है तथा लोग अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग होते हैं।उन्होंने कहा कि थाना पस्ता क्षेत्र में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि साइबर अपराध, नशाखोरी, बाल विवाह और सड़क दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।





















