

नारायणपुर: जिले के थाना कुकड़ाझोर पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 9 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 16 हजार 300 रुपये नगद, ताश पत्ती, दोपहिया वाहन समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 मई को थाना कुकड़ाझोर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बोरण्ड करमरी मुख्य मार्ग के किनारे जंगल मैदान में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 9 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश उर्फ बिट्टू गुप्ता, प्रफुल बड़रिया, विष्णु नंदी, ऋषिकेश जायसवाल, गणेश शील, यश कुमार जैन, नरेंद्र कुलदीप, चमन कौड़ो और दीपक कतलाम शामिल हैं। सभी आरोपी नारायणपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,16,300 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश की 4 गड्डियां, 3 प्लास्टिक तिरपाल, 9 मोटरसाइकिल और 2 होंडा एक्टिवा जब्त की है। यह पूरी कार्रवाई साइबर सेल नारायणपुर और थाना कुकड़ाझोर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने कहा कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।





















