बलरामपुर: बलरामपुर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने दहेजवार गोठान के पास जंगल में संचालित जुए के फड़ पर कार्रवाई करते हुए दो जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 3 हजार रुपये नगद और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जबकि अन्य आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 5 जून की शाम करीब 5:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दहेजवार गोठान के समीप जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीपक गुप्ता(निवासी ग्राम दहेजवार) और रामप्रसाद (निवासी वार्ड क्रमांक 7, बलरामपुर) को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे एवं जुए के फड़ से कुल 3,000 रुपये नकद तथा तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की गईं।

पुलिस के अनुसार, अन्य जुआरी जंगल और रात्रि का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 89/2026 दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!