
बलरामपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर चलती XUV 700 कार से खतरनाक स्टंट करना वाहन चालक और उसमें सवार लोगों को भारी पड़ गया। कार के चारों दरवाजे और सनरूफ खोलकर उसमें सवार लोगों के बाहर निकलकर सफर करने का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया व समाचार पत्रों में सामने आने के बाद बलरामपुर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार घटना 19 सितंबर 2026 की है। थाना बलरामपुर क्षेत्र के नगर सेना तिराहा सेमली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 343 पर महिंद्रा XUV 700 क्रमांक CG30F7388 को चालक सुनील गुप्ता निवासी ग्राम अधौरा, थाना बलरामपुर चला रहा था। इस दौरान कार में चार अन्य व्यक्ति भी सवार थे। आरोप है कि चालक ने वाहन के चारों दरवाजे और सनरूफ खोलकर लोगों को कार से बाहर निकलने की स्थिति में वाहन चलाया।
पुलिस ने बताया कि इस तरह वाहन चलाने से न केवल कार में सवार लोगों की जान जोखिम में थी, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन कर रहे अन्य वाहन चालकों और आम लोगों के लिए भी दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता था।घटना का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया के साथ दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 281 बीएनएस, धारा 184 तथा धारा 194(बी)(1) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 166/2026 दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े वीडियो, फोटो और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार का खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही स्वयं के साथ-साथ दूसरे लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।




















