Dhar: धार और खरगोन जिले की सीमा पर स्थित नए गणेश घाट पर एक बार फिर पथराव की घटना सामने आई है। देर रात अज्ञात बदमाशों ने मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे कई वाहनों को निशाना बनाया। अचानक हुए पथराव से वाहन चालकों में दहशत फैल गई और हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चलती गाड़ियों पर अचानक होने लगा पथराव

जानकारी के मुताबिक घटना नए गणेश घाट के पास हुई। रात के समय हाईवे से वाहन गुजर रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने ऊपर से वाहनों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। करीब 8 से 10 वाहन इस पथराव की चपेट में आने की बात सामने आई है।अचानक हुए हमले से वाहन चालक घबरा गए और उन्होंने अपने वाहन रोक दिए। घटना के बाद प्रभावित चालक शिकायत दर्ज कराने के लिए काकड़दा पुलिस चौकी पहुंचे।

पत्थर लगने से एक व्यक्ति घायल, टला बड़ा हादसा

पथराव में अशोक कुमार नामक व्यक्ति घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि गणेश मंदिर घाट के ऊपर से कुछ लोग वाहनों पर पत्थर फेंक रहे थे। उस समय उनका भतीजा गाड़ी चला रहा था। एक पत्थर पीछे बैठे अशोक कुमार को लगा।उनका कहना है कि यदि यही पत्थर वाहन चला रहे उनके भतीजे को लगता तो गंभीर हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर राहगीरों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई।

गणेश घाट के इसी हिस्से में पहले भी हो चुका है पथराव

नए गणेश घाट के करीब 10 किलोमीटर लंबे हिस्से में पहले भी वाहनों पर पथराव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यह इलाका धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र और खरगोन जिले की काकड़दा पुलिस चौकी की सीमा से जुड़ा हुआ है।पिछली घटनाओं के बाद पुलिस की कार्रवाई से पथराव की वारदातों पर कुछ समय के लिए रोक लगी थी, लेकिन अब दोबारा ऐसी घटना सामने आने से हाईवे से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि देर रात हाईवे पर वाहनों को निशाना बनाने के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!