

जशपुर: जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई सोन क्यारी चौकी क्षेत्र में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 मई को सोन क्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम झरगांव छाता टांगर के जंगल मार्ग से गौवंशों को मारते-पीटते हुए पैदल लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर घेराबंदी की।जंगल में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को 6 गौवंशों को हांकते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज भगत (35 वर्ष), निवासी ग्राम बछरांव, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर बताया। पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सभी 6 गौवंशों को बरामद कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि गौवंश थाना सन्ना क्षेत्र के दो संदिग्ध व्यक्तियों के बताए अनुसार ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोन क्यारी एएसआई वैभव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक नरेंद्र यादव और विमल मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है और इस अवैध गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।





















