अंबिकापुर:  राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद NSS स्वयंसेवकों ने लक्ष्य गीत “उठें समाज के लिए, उठें-उठें” प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार सिन्हा ने NSS दिवस की शुभकामनाएं देते हुए इसके ध्येय वाक्य “Not Me But You” की भावना और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका बताते हुए स्वयंसेवकों को सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवकों को NSS की शपथ भी दिलाई।

कार्यक्रम अधिकारी दीपिका स्वर्णकार ने अतिथियों, प्राध्यापकों एवं स्वयंसेवकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल गतिविधियों या प्रमाण-पत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज से जुड़कर अपनी जिम्मेदारियों को समझने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने स्वयंसेवकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, जन-जागरूकता एवं सामाजिक समरसता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम अधिकारी ने वर्ष 2025-26 में NSS इकाई द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता एवं विभिन्न सामाजिक सेवा गतिविधियों में स्वयंसेवकों की भागीदारी की जानकारी दी गई।

इस दौरान NSS इकाई की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। स्वयंसेवक शिवम शर्मा का चयन राज्य स्तरीय उत्कृष्ट स्वयंसेवक के रूप में हुआ है। वहीं ज्ञानोदय कुमार, नैन्सी नेहा तिर्की एवं बिंदु का चयन राज्य स्तरीय NSS दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए हुआ है। महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के NSS समन्वयक एस.एन. पाण्डेय को विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट NSS समन्वयक के रूप में सम्मानित किया जा रहा है। प्राचार्य ने इन उपलब्धियों पर सभी को बधाई दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। नशामुक्ति पर आधारित नाटक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

पूर्व वरिष्ठ NSS स्वयंसेवक लिपाक्षी यादव तथा वर्तमान स्वयंसेवक बसंत राम एवं यज्ञराज ने अपने NSS कार्यकाल के अनुभव साझा किए और युवाओं को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण भी किया गया। स्वयंसेवकों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में डॉ. महेंद्र कुमार मौर्य, डॉ. उमेश पांडेय, डॉ. कामिनी, माधवेन्द्र तिवारी, डॉ. संगीता पांडेय, संदीप कुशवाहा, शशिकला सनमानी, ओमकार कुशवाहा, गोविंद प्रसाद एवं वर्षा सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, NSS स्वयंसेवक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन बसंत राम एवं राधा ने किया। समस्त आयोजन NSS कार्यक्रम अधिकारी दीपिका स्वर्णकार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!