

नई दिल्ली। Team India: इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम का पूरा फोकस आईसीसी वनडे विश्व कप 2027 की तैयारियों पर होगा। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा। ऐसे में टीम इंडिया के लिए आने वाले सभी वनडे मुकाबले विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने प्रदर्शन से फैंस का भरोसा कायम रखा। दोनों दिग्गज अब केवल वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, इसलिए क्रिकेट प्रेमियों की नजर उनके अगले मुकाबलों पर टिकी हुई है।सितंबर में होगी मैदान पर वापसी
रोहित शर्मा और विराट कोहली अब सीधे सितंबर 2026 में वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में एक्शन में नजर आ सकते हैं। इस सीरीज में दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजर रहेगी, क्योंकि यहीं से भारत के विश्व कप अभियान की वास्तविक तैयारी शुरू होगी।
न्यूजीलैंड दौरा होगा सबसे बड़ी परीक्षा
वेस्टइंडीज सीरीज के बाद भारतीय टीम नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी, जहां पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे में यह सीरीज टीम इंडिया के लिए सही संयोजन, बल्लेबाजी क्रम और गेंदबाजी आक्रमण को अंतिम रूप देने का बड़ा मौका होगी।











