भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी केदार जाधव की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। मंगलवार, 20 अक्टूबर को वह पुणे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संघ का गणवेश पहना और हाथ में दंड लेकर पथ संचलन में हिस्सा लिया। जाधव ने कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किए, जिसके बाद उनकी पोस्ट लोगों का ध्यान खींच रही है।

सोशल मीडिया पोस्ट में क्या संदेश दिया?

केदार जाधव ने अपनी पोस्ट मराठी भाषा में साझा की। उन्होंने पथ संचलन को केवल अनुशासित कदमताल तक सीमित न बताते हुए इसे समाज में एकता, भाईचारे, संस्कार और राष्ट्र के प्रति समर्पण को मजबूत करने का माध्यम बताया।उन्होंने अपने संदेश में समाज को व्यक्ति से ऊपर रखने, सेवा को स्वार्थ से परे मानने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। जाधव के अनुसार, सामूहिक भावना के साथ आगे बढ़ने से समाज के विकास को दिशा मिलती है। उन्होंने संस्कृति, मूल्यों और राष्ट्र के सम्मान को बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।

पुणे में विजयादशमी कार्यक्रम में हुए शामिल

यह आयोजन पुणे के डेक्कन जिमखाना कॉलोनी में हुआ। यहां केदार जाधव संघ के पथ संचलन में शामिल हुए। उनके पारंपरिक संघ गणवेश और हाथ में दंड वाली तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी गतिविधियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

कैसा रहा केदार जाधव का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर?

केदार जाधव ने 16 नवंबर 2014 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उन्होंने भारतीय टीम की ओर से 73 वनडे मुकाबले खेले और 42.09 की औसत से कुल 1,389 रन बनाए। उनके नाम दो शतक और छह अर्धशतक दर्ज हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने योगदान दिया और 27 विकेट हासिल किए।टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जाधव ने भारत के लिए नौ मुकाबले खेले, जिनमें उनके बल्ले से 58 रन निकले। उनका स्ट्राइक रेट 123.23 रहा।

IPL में चेन्नई और हैदराबाद की टीमों का रहे हिस्सा

इंडियन प्रीमियर लीग में केदार जाधव चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। अपने IPL करियर में उन्होंने 95 मैच खेले और 1,195 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 123.17 रहा और उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए।केदार जाधव ने 3 जून 2024 को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इसके बाद से वह अंतरराष्ट्रीय और पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!