

जबलपुर : हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। 8 अगस्त से जबलपुर और कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। एलायंस एयर ने नई फ्लाइट का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस सेवा के शुरू होने से यात्रियों को अब कोलकाता पहुंचने के लिए भोपाल या दिल्ली होकर यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
सप्ताह में तीन दिन मिलेगी उड़ान की सुविधा
नई हवाई सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। डायरेक्ट फ्लाइट शुरू होने से यात्रा का समय कम होगा और यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।
सांसद की पहल से मिली नई कनेक्टिविटी
इस सेवा को शुरू कराने में जबलपुर के सांसद आशीष दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने हाल ही में एलायंस एयर के अध्यक्ष अमित कुमार से मुलाकात कर जबलपुर की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने की मांग रखी थी। इसके बाद नई उड़ान सेवा को मंजूरी मिली।
व्यापार, शिक्षा, इलाज और पर्यटन को मिलेगा फायदा
कोलकाता जैसे प्रमुख कारोबारी शहर से सीधा हवाई संपर्क बनने से महाकौशल क्षेत्र को कई स्तर पर लाभ मिलने की उम्मीद है। स्थानीय कारोबारियों को नए बाजारों तक पहुंच आसान होगी। छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही जबलपुर के पर्यटन स्थलों तक देश के पूर्वी हिस्से से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
रीवा को भी मिली नई हवाई सेवा की सौगात
मध्य प्रदेश के रीवा को भी नई एयर कनेक्टिविटी का लाभ मिलने जा रहा है। 9 अगस्त से रीवा से कोलकाता और भोपाल के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होगी। यह 72 सीटर विमान सेवा होगी।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर नई उड़ान सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह भी किया।











