जशपुर: जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। यह गांजा एक टाटा नेक्सन कार से जब्त किया गया, जबकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे थाना पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की टाटा नेक्सन कार (UP-54-AF-7976) में भारी मात्रा में गांजा भरकर रैरुमा-लैलूंगा मार्ग से पत्थलगांव होते हुए अंबिकापुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इंदिरा चौक के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भाग निकला।पुलिस टीम ने पीछा किया तो कदम घाट के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद तस्कर कार छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। तलाशी लेने पर कार की डिक्की से तीन बैगों में रखे 11 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 21.5 किलोग्राम है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये और वाहन की कीमत 6 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल16 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।मौके से पुलिस ने वाहन में मिले आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात  लगातार जारी रहेगा। फरार तस्करों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!