

अंबिकापुर: सरगुजा जिले को नए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारीरितेश चौधरी मिले हैं। उन्होंने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट कर जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसेवा और सामुदायिक पुलिसिंग को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों की जानकारी ली और सभी कार्यों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को संवेदनशील और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री चौधरी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करना, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
गौरतलब है कि सरगुजा में पदस्थापना से पूर्व रितेश चौधरी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 14वीं वाहिनी, धनौरा (जिला बालोद) में उप सेनानी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ अब सरगुजा जिले की पुलिस व्यवस्था को मिलेगा।











