

जनसेवा, प्रभावी कानून-व्यवस्था एवं सामुदायिक पुलिसिंग रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता
अंबिकापुर।छत्तीसगढ़ शासन, गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी पदस्थापना आदेश के अनुपालन में राज्य पुलिस सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी रितेश चौधरी ने सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) से सौजन्य भेंट कर जिले की कानून-व्यवस्था, जनसेवा एवं सामुदायिक पुलिसिंग के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा की तथा कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पदस्थापना से पूर्व रितेश चौधरी उप सेनानी, 14वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, धनौरा (बालोद) में अपनी सेवाएँ प्रदान कर चुके हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने कहा कि सरगुजा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।











