भोपाल। मध्य प्रदेश में आज नीट यूजी 2026 की री-एग्जाम परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रदेश के 30 जिलों के 283 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। साइबर कमांडो से लेकर स्थानीय प्रशासन तक पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगे। शनिवार को भोपाल सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल भी कराई गई, ताकि किसी तरह की तकनीकी या सुरक्षा संबंधी परेशानी न आए।

दोपहर 2 बजे से शुरू होगी परीक्षा

नीट यूजी री-एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्र पर रिपोर्टिंग शुरू करनी होगी। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

परीक्षा से एक घंटे पहले जारी होंगे प्रश्नपत्र

जानकारी के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से लगभग एक घंटे पहले दिल्ली से यह तय किया जाएगा कि किस परीक्षा केंद्र के लिए किस स्ट्रॉन्ग रूम से प्रश्नपत्र जारी किए जाएंगे। प्रश्नपत्रों को अलग-अलग शहरों तक भारतीय वायुसेना की मदद से हेलीकॉप्टर के जरिए पहुंचाया गया है। परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं, जबकि स्थानांतरण प्रक्रिया को परीक्षा समाप्त होने तक स्थगित रखा गया है।

इन 30 जिलों में आयोजित होगी परीक्षा

री-एग्जाम भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, उज्जैन, सागर, छिंदवाड़ा, बैतूल, भिंड, बालाघाट, अशोकनगर, छतरपुर, रतलाम, बड़वानी, खरगोन, धार, खंडवा, नर्मदापुरम, दमोह, दतिया, देवास, गुना, मंदसौर, मुरैना, नीमच, राजगढ़, सिंगरौली, विदिशा और सतना में आयोजित होगी। इनमें सबसे अधिक 57 परीक्षा केंद्र इंदौर में बनाए गए हैं। भोपाल में 32, जबलपुर और ग्वालियर में 24-24 तथा रीवा में 12 परीक्षा केंद्र हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष नजर

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों को देखते हुए जबलपुर और भोपाल में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। जबलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रमों के कारण प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। वहीं भोपाल में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।

अभ्यर्थी इन जरूरी नियमों का रखें विशेष ध्यान

परीक्षा के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पारंपरिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त जांच होगी, इसलिए उन्हें समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र की प्रिंट कॉपी, वैध फोटो पहचान पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। खाने-पीने की सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी, हालांकि पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाई जा सकेगी। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!