

मध्य प्रदेश : मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों को अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून के 25 जून के आसपास दस्तक देने की संभावना है। हालांकि इससे पहले प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली है।
24 घंटे में 40 से ज्यादा शहरों में बदला मौसम का मिजाज
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के 40 से अधिक छोटे-बड़े शहरों में बारिश और आंधी दर्ज की गई। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बदला, जिससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून की सक्रियता बनी हुई है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बारिश के आंकड़ों के अनुसार धुंधड़का में सबसे अधिक 42 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शामगढ़ में 29.2 मिमी, कयामपुर और रौन में 27-27 मिमी तथा सिवनी में 26.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं आगर में 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। जबलपुर, डिंडोरी, कटनी, सतना, रीवा, सिंगरौली, शिवपुरी, शहडोल, सीहोर, सागर, झाबुआ, रतलाम, अशोकनगर, ग्वालियर, भिंड और मुरैना सहित कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश का असर देखने को मिला।
खजुराहो सबसे गर्म, पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा
शुक्रवार को छतरपुर जिले का खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना जताई है। सीहोर, आगर, अशोकनगर और सागर जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल समेत 30 से ज्यादा शहरों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, विदिशा, रायसेन, बैतूल, हरदा, खंडवा, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, नीमच, जबलपुर, पन्ना, गुना सहित 30 से अधिक शहरों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।





















