

नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर लिया है। लगातार हो रही बारिश से कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाके जलमग्न हैं, सड़कें डूब चुकी हैं और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को देश के 15 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश, तेज आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। कई क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में इससे भी अधिक गति की आंधी की आशंका जताई गई है।
असम में बाढ़ से हालात गंभीर
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। राज्य में अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 जिलों के करीब 1.68 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। इस बीच झारखंड सरकार ने असम के मुख्यमंत्री राहत कोष में तीन करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
दिल्ली-एनसीआर और गुरुग्राम में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में भी लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। सफदरजंग, आरके पुरम और गोल्फ क्लब रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
गुरुग्राम में हालात और भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। कई पॉश कॉलोनियां पानी में डूब गई हैं तथा प्रमुख सड़कों पर भारी जलभराव देखने को मिला। प्रशासन ने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की अपील की है। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में रहकर जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों और मछुआरों को विशेष सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में ओलावृष्टि और तेज आंधी की संभावना भी जताई है। किसानों को फसल सुरक्षा के उपाय अपनाने तथा मछुआरों को समुद्र और जलाशयों में न जाने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में विशेष अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के पटना, गया, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्णिया और किशनगंज समेत कई जिलों में भी भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।मध्य प्रदेश के भोपाल, बालाघाट, रायसेन, पन्ना, दमोह, विदिशा, सिवनी, शिवपुरी सहित कई जिलों में येलो अलर्ट जारी है। वहीं पंजाब, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। जम्मू-कश्मीर के शोपियां क्षेत्र में बादल फटने की घटना सामने आई, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
उत्तराखंड में केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास भूस्खलन के कारण कई वाहन फंस गए। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, शिमला, मंडी, कांगड़ा और सोलन सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कई स्थानों पर सड़कें बंद होने और यात्रा प्रभावित होने की आशंका है











