

नारायणपुर: नारायणपुर जिले के कुकड़ाझोर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर टंगिया से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय सबद्रा, अजय कुमार, ऐश्वर्य चंद्राकर और एसडीओपी अजय सिंह के मार्गदर्शन में कुकड़ाझोर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार थाना कुकड़ाझोर में अपराध क्रमांक 03/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 351(2), 115(2) एवं 333 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि 2 अगस्त 2026 की शाम गांव में आयोजित बैठक के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजकुमार कावड़े ने पहले गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके कुछ देर बाद आरोपी शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और टंगिया से उसके सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय नारायणपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजकुमार कावड़े (25 वर्ष), निवासी नागेलपारा, थाना कुकड़ाझोर, जिला नारायणपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टंगिया भी बरामद कर ली गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 6 अगस्त 2026 को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।










