
भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। शहर में आयोजित स्वदेशी मेला-2026 के मंच से उन्होंने कहा कि मुसलमान भी अब उनसे पूछकर ईद मनाएंगे। उनके इस बयान पर मुस्लिम त्योहार कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान ने कड़ी आपत्ति जताई है।
स्वदेशी मेले में विधायक ने क्या कहा?
स्वदेशी जागरण मंच और स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन की ओर से भोपाल में 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक स्वदेशी मेला आयोजित किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के मंच से संबोधन के दौरान रामेश्वर शर्मा ने कहा, सूरज हमारा है और चांद हमारा है, मुसलमान भी अब हमसे पूछकर ईद मनाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यदि भगवान शंकर धूनी रमाकर किसी गुफा में चले जाएं और वहां से चंद्रमा दिखाई न दे, तो ईद मनाना भी मुश्किल हो जाएगा। उनके इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी है।
मुस्लिम त्योहार कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष ने जताई आपत्ति
विधायक के बयान पर मध्यप्रदेश मुस्लिम त्योहार कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीशान रहमान (शानू) ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इस टिप्पणी को मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताया।
शानू के मुताबिक, स्वदेशी मेले के मंच से यह कहना कि मुसलमान अब उनसे पूछकर ईद मनाएंगे, केवल एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं का सवाल नहीं है, बल्कि संविधान और धार्मिक स्वतंत्रता से भी जुड़ा विषय है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र
जीशान रहमान ने इस मामले में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि धार्मिक त्योहारों को लेकर इस तरह की टिप्पणी संविधान में दिए गए धार्मिक स्वतंत्रता के सिद्धांतों से जुड़े सवाल खड़े करती है।











