
रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 के तहत प्रदेश की 36 श्रेणियों में राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा की गई है। कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को इन सम्मानों से नवाजा जाएगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुरस्कारों की सूची जारी की। उन्होंने कहा कि राज्य अलंकरण प्रदेश की प्रतिभाओं और समाज के विकास में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
आदिवासी उत्थान, समाजसेवा और सहकारिता के लिए सम्मान
आदिवासी सामाजिक चेतना और उत्थान के क्षेत्र में धमतरी जिले के डुमन लाल ध्रुव को शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम को यति यतनलाल सम्मान मिलेगा।महिला उत्थान एवं जनजागृति के लिए गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान और सुश्री लता नेताम को मिनीमाता सम्मान प्रदान किया जाएगा। सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए कबीरधाम के सुखचंद भास्कर को गुरु घासीदास सम्मान के लिए चुना गया है।सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर जिले के चित्रकोट की प्राथमिक कुडुक मछुआ सहकारी समिति मर्यादित के धनसिंह बघेल को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार दिया जाएगा। सामाजिक समरसता के लिए रायगढ़ के बाबूलाल अग्रवाल को महाराजा अग्रसेन सम्मान और सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उपलब्धियों के लिए बिलासपुर की तेजस्विनी सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान मिलेगा।
साहित्य, लोककला और संगीत की प्रतिभाओं को भी मिलेगा अलंकरण
समकालीन रंगकर्म तथा छत्तीसगढ़ी, हिंदी और अन्य भाषाओं के नाटक के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर को हबीब तनवीर सम्मान दिया जाएगा। हिंदी साहित्य के लिए रायगढ़ के डॉ. बिहारीलाल साहू को पंडित सुन्दरलाल शर्मा सम्मान मिलेगा।शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान और लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रायपुर की रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान प्रदान किया जाएगा।छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान, पंथी नृत्य के लिए रायपुर के सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान मिलेगा।आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्ग जिले के दुर्गा प्रसाद पारकर को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार तथा सामाजिक समानता, साहित्य एवं काव्य के क्षेत्र में बालोद के जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान दिया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में इन नामों का चयन
हिंदी प्रिंट मीडिया में योगदान के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाएगा। हिंदी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए वरुण सखाजी और रसिका पाण्डेय को संयुक्त रूप से यह सम्मान मिलेगा।अंग्रेजी प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में रायपुर के शिशिर राय चौधरी को मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के लिए चुना गया है। रचनात्मक लेखन और हिंदी भाषा के लिए गाजियाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधवराव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान प्रदान किया जाएगा।
खेल, कृषि, चिकित्सा और मत्स्य पालन में उपलब्धियों का सम्मान
खेल के क्षेत्र में कोरबा की संजू देवी को गुण्डाधूर सम्मान और बालोद के टोमन कुमार को महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान दिया जाएगा।कृषि के क्षेत्र में कबीरधाम के पुन्नी दास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए चुना गया है। आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान के लिए धमतरी के डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वन्तरि सम्मान मिलेगा। मत्स्य पालन के क्षेत्र में बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासाबाई केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
संस्कृत, आदिवासी सेवा और श्रम क्षेत्र के चयनित नाम
संस्कृत भाषा के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान दिया जाएगा। आदिवासियों की सेवा और आर्थिक उत्थान के लिए नवा रायपुर के सत्य साई संजीवनी अस्पताल और सी. श्रीनिवास को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान मिलेगा।श्रम के क्षेत्र में बलौदाबाजार जिले के कुकुरडीह स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड यूनिट के अंतरयामी सामल को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार दिया जाएगा। अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान के लिए चुना गया है।
सिनेमा, पंडवानी और राष्ट्रीय स्तर पर योगदान देने वालों को भी सम्मान
अप्रवासी भारतीयों के सामाजिक कल्याण, साहित्य, मानव संसाधन विकास या आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दिया जाएगा।हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी सिनेमा में लेखन, निर्देशन, अभिनय, पटकथा और निर्माण के क्षेत्र में रायपुर के सैयद ताहिर अली (करन खान) को किशोर साहू सम्मान मिलेगा। सिनेमा निर्देशन के लिए रायपुर के मोहन सुंदरानी को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण प्रदान किया जाएगा।पंडवानी कला के क्षेत्र में दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीजन बाई सम्मान के लिए चुना गया है।
महिला सशक्तिकरण, विधि और ग्रामीण पर्यटन के लिए भी पुरस्कार
महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष और नारी उत्थान के क्षेत्र में कांकेर की बुलबुल बैद्या को माता बहादुर कलारिन सम्मान दिया जाएगा। विधि के क्षेत्र में दिल्ली के कौस्तुभ शुक्ला और रायपुर के हेमन्त कुमार मिश्र को बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान मिलेगा।ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को चेंदरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
राज्य की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर: राजेश अग्रवाल
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य अलंकरण केवल व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान नहीं, बल्कि उनके परिश्रम, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का अभिनंदन है। प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और साहित्य को सहेजने वाले कलाकारों, साहित्यकारों, पत्रकारों तथा अन्य क्षेत्रों में योगदान देने वाले नागरिकों की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।उन्होंने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा को सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्य अलंकरण समारोह इस आयोजन को और गौरवपूर्ण बनाएगा।पत्रकार वार्ता में संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक डॉ. संजय कन्नौजे और विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।










