अंबिकापुर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की मौत और दूसरे के घायल होने की घटना पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस कायराना हमले को मानवता को झकझोर देने वाली घटना बताते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती और संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में दिवंगत श्रमिक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आतंकवाद का यह कायरतापूर्ण कृत्य पूरे प्रदेश के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए हुए है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रत्येक श्रमिक राज्य की अमूल्य पूंजी है। रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसी घटनाएं केवल पीड़ित परिवारों को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को गहरे आघात पहुंचाती हैं। सरकार इस कठिन समय में हर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करेगी।

कैबिनेट मंत्री ने हमले में घायल श्रमिक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। साथ ही उन्होंने दिवंगत श्रमिक की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। ऐसे कायराना हमले कभी भी भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर नहीं कर सकते। आतंक फैलाने वाली ताकतों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का है। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!