

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम द्वारा ग्राम पंचायत पचावल में संचालित रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच की गई। जांच में एक चैन माउंटेड मशीन को रेत उत्खनन कार्य में संलिप्त पाए जाने पर पांगन नदी के किनारे ही सील करने की कार्रवाई की गई। विभाग द्वारा यह कार्रवाई उत्खनन पट्टा की शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर की गई है।
इस दौरान क्षेत्र में अवैध रूप से ईंट परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रक वाहन को भी जब्त किया गया। जब्त वाहन को पुलिस थाना सनावल की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग अधिकारी ने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 की धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





















