

सूरजपुर: नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का वार्ड-वार प्रदर्शन कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में आयोजित इस प्रदर्शन के माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम की कार्यप्रणाली एवं मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।
मतदाताओं को दी जा रही व्यावहारिक जानकारी-
प्रदर्शन के दौरान निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी मतदाताओं को ईवीएम के संचालन, कंट्रोल यूनिट के कार्य, बटन दबाकर मत देने की प्रक्रिया तथा मतदान केन्द्र पर अपनाई जाने वाली सम्पूर्ण प्रक्रिया से अवगत करावाया जा रहा है । मतदाताओं को मॉक पोल के माध्यम से स्वयं मतदान कर ईवीएम का व्यावहारिक अनुभव भी कराया जा रहा है, ताकि मतदान दिवस पर वे बिना किसी संकोच के अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
अध्यक्ष एवं पार्षद पद हेतु होगा मतदान-
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नवगठित नगर पंचायत शिवनन्दनपुर में 01 अध्यक्ष एवं 15 वार्डों के पार्षद पदों हेतु मतदान दिनांक 01 जून 2026 दिन सोमवार को प्रातः 08:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक ईवीएम के माध्यम से कुल 15 मतदान केन्द्रों पर संपन्न कराया जायेगा। मतगणना दिनांक 04 जून 2026 दिन गुरुवार को प्रातः 09:00 बजे से शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (आजाक) बिश्रामपुर में होगी।
4642 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग-
नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के सभी 15 वार्डों में कुल 4642 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 2335 पुरुष एवं 2307 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रदर्शन के दौरान विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं, महिला मतदाताओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को ईवीएम संचालन की प्रक्रिया विस्तार से समझाई जा रही है।
मतदाताओं की शंकाओं का हो रहा समाधान-
प्रदर्शन के दौरान मतदाताओं द्वारा ईवीएम मशीन की कार्यप्रणाली, मतदान प्रक्रिया, मतदान केन्द्र पर अपनाई जाने वाली प्रक्रिया एवं मतदान संबंधी अन्य विषयों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। मतदाताओं को यह भी अवगत कराया जा रहा है कि ईवीएम मशीन पूर्ण रूप से सुरक्षित, विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित है।
अधिक से अधिक मतदान की अपील-
जिला प्रशासन द्वारा नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे दिनांक 01 जून 2026 को अपने मतदान केन्द्र पर पहुँचकर निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें एवं लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करें।





















