
कोरबा: स्वतंत्रता दिवस की अलसुबह कोरबा जिले में गैस सिलेंडर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दर्री थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के गेट के सामने स्कॉर्पियो सवार 4-5 नकाबपोश बदमाशों ने गैस सिलेंडर से भरे ट्रक को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक की कनपटी पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी और ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस की सुबह करीब 4 बजे इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के गोपालपुर स्थित केंद्र से गैस सिलेंडर लेकर एक ट्रक बिरला क्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के गेट के सामने एक स्कॉर्पियो में सवार 4-5 युवक ट्रक के पास पहुंचे और उसे रोक लिया।ट्रक चालक के मुताबिक, सभी बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। आरोपियों में से एक ने चालक की कनपटी पर कथित तौर पर बंदूक तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। चालक भय के कारण विरोध नहीं कर सका।इसके बाद बदमाशों ने ट्रक से सात भरे हुए गैस सिलेंडर निकाले और उन्हें स्कॉर्पियो वाहन में लोड कर लिया। चालक के अनुसार, आरोपियों के पास बंदूक के अलावा तलवार भी थी। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर स्कॉर्पियो और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।स्वतंत्रता दिवस के दिन तड़के हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




















