अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम सरगुजा ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपारा निवासी आशा पांडेय को 28 नग नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि रविवार 12 जुलाई 2026 को उड़नदस्ता कार्यालय को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्रह्मपारा निवासी आशा पांडेय अपने घर से नशीले इंजेक्शनों की बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि होने पर आबकारी टीम ने तत्काल उसके घर पर दबिश दी।कार्रवाई के दौरान आशा पांडेय ने टीम को देखकर घर के पीछे एक थैला फेंकने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद महिला सैनिक ने उसे पकड़ लिया। थैले की तलाशी लेने पर उसमें से 19 नग रेक्सोजेसिक (REXOGESIC) इंजेक्शन तथा 9 नग एविल (AVIL) इंजेक्शन बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।

आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के अनुसार, आशा पांडेय पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है। बताया गया कि पिछले कुछ समय से वह ब्राउन शुगर के बजाय नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री में संलिप्त थी। उसके घर पर पहले भी कई बार तलाशी ली गई थी, लेकिन इस बार टीम को उसे रंगे हाथ पकड़ने में सफलता मिली।

इस कार्रवाई में महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, नगर सैनिक रणविजय सिंह तथा रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!