नारायणपुर। माड़ क्षेत्र में शांति, विकास और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे माड़ मैत्री अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम उसेबेड़ा में पुलिस और आईटीबीपी द्वारा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने घोटुलपारा में पेयजल आपूर्ति की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्राम उसेबेड़ा में स्थापित नक्सली स्मारक को ग्रामीणों की सहमति और सक्रिय सहभागिता से हटाया गया। ग्रामीणों ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। साथ ही उन्होंने पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का समर्थन भी व्यक्त किया।

माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत जरूरतमंद ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। इसके अलावा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।अधिकारियों के अनुसार इस कार्यक्रम से ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास और मजबूत हुआ है। “विग्रह से विश्वास” की भावना को साकार करते हुए यह अभियान माड़ क्षेत्र में शांति, विकास और जनसहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!