वन, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 3.851 हेक्टेयर वन भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त, वर्षा ऋतु में होगा वृक्षारोपण

बलरामपुर। वन विभाग, पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को वनमंडल बलरामपुर अंतर्गत वन परिक्षेत्र धमनी के उप परिक्षेत्र नवाडीह, बीट-अन्नपारा स्थित संरक्षित वन कक्ष क्रमांक पी-953 के ग्राम गाजर में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कुल 34 अतिक्रमण प्रकरणों में से न्यायालय में विचाराधीन मामलों को छोड़कर शेष 31 प्रकरणों में निर्मित अवैध मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर 3.851 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

वन विभाग के अनुसार बेदखली की कार्रवाई से पूर्व भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 80(ए) के तहत सभी संबंधित अतिक्रमणकारियों को विधिवत नोटिस जारी किए गए थे तथा अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त अवसर भी प्रदान किया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वन विभाग ने बताया कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर आगामी वर्षा ऋतु में स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में वन महोत्सव के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रामानुजगंज, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रामानुजगंज, उप वन मंडलाधिकारी वाड्रफनगर, तहसीलदार रामानुजगंज, वन परिक्षेत्राधिकारी धमनी सहित वन विभाग के सैकड़ों अधिकारी-कर्मचारी, वन सुरक्षा श्रमिक तथा ग्राम गाजर के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

वन मंडलाधिकारी बलरामपुर ने सभी वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वन अपराध, अवैध अतिक्रमण, अवैध कटाई-चराई तथा वन्य प्राणियों से संबंधित अपराधों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!