
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दशहरा उत्सव के बाद आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। मंगला इलाके में कुछ युवकों ने एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं और पुरुषों को डंडों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला को भी नहीं बख्शा गया। इस घटना में दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके में हुई। आपसी विवाद के चलते मोहल्ले के कुछ युवक कथित तौर पर एक घर में घुस गए और वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि युवकों ने डंडों से महिलाओं पर हमला किया। विवाद शांत कराने का प्रयास कर रही एक बुजुर्ग महिला के साथ भी मारपीट की गई। घर में मौजूद पुरुषों को भी निशाना बनाया गया। स्थिति बिगड़ने पर पड़ोसियों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद हमलावरों को रोकने में मदद मिली।
दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल
हमले में दो महिलाओं और तीन युवकों को चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की। मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद थाने में उन पर समझौता करने और मामला दबाने के लिए दबाव बनाया गया। हालांकि, इस आरोप पर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच जारी है।




















