
बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना राजपुर पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही सिंचाई पंप और मोटर पंप चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के दो नग 1/2 एचपी डबल पंप बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक ग्राम डुप्पी निवासी रामभगत ने 26 सितंबर की रात उसकी बाड़ी में लगे एतवा कंपनी के डबल पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पंप की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई। मामले में थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया।इसी तरह विनोद कुमार जायसवाल ने 27 सितंबर की रात बाड़ी में लगे 1/2 एचपी मोटर पंप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 240/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई और रामबिलास अग्रिया समेत उसके सहयोगियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने दोनों पंप चोरी करने के साथ ही क्षेत्र में हुई अन्य पंप चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की।पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 2 फरवरी 2026 को ग्राम बदौली के खेत से सोलर समर्सिबल पंप तथा 15 जुलाई को ग्राम धंधापुर से सोलर पंप स्टार्टर और केबल तार चोरी करने की बात भी बताई। चोरी का सामान कबाड़ी के माध्यम से बेचने और उससे प्राप्त रकम आपस में बांटने की जानकारी भी पूछताछ में सामने आई।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो नग 1/2 एचपी डबल पंप बरामद कर जब्त किए हैं। जांच में थाना राजपुर के पूर्व में दर्ज अपराध क्रमांक 57/2026 और 185/2026 में भी आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने की बात पुलिस ने कही है।गिरफ्तार आरोपियों में रामबिलास अग्रिया (30), रामजीत रवि (29) और रामलल्लू मानिकपुरी (22 हैं। तीनों को 29 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने तीनों के खिलाफ जेल वारंट जारी किया, जिसके बाद उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया।पुलिस के मुताबिक मामले में चोरी के सामान की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।




















