

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से परिवहन एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच कर उनके पंजीयन, फिटनेस, बीमा, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है।इसी कड़ी में रामानुजगंज क्षेत्र में परिवहन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान तीन ऑटो वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी एवं नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण दो ऑटो वाहनों को जब्त किया गया तथा एक ऑटो चालक पर मोटरयान अधिनियम के तहत 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र एवं ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा वाहन चलाते समय साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही उन्होंने कहा है कि नियमो के उल्लंघन बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन, यातायात नियमों की अनदेखी तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।











