कोरबा: दोस्त की पत्नी को लेकर हुई टिप्पणी के बाद विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने गुस्से में दोस्त पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में पीड़ित गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

कोरबा जिले के बालको थाना अंतर्गत रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली में मामूली कहासुनी ने खूनी वारदात का रूप ले लिया। दोस्त की पत्नी को लेकर की गई टिप्पणी से नाराज एक युवक ने अपने ही दोस्त पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से पीड़ित गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि आरोपी भी इस दौरान झुलस गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बुंदेली निवासी आनंद मंझवार अपने दोस्त संजय कुमार कंवर के साथ गांव में रहने वाले एक अन्य मित्र संतराम के घर गया था। दोनों वहां से लौट रहे थे, तभी रास्ते में गांव का लीला सिंह अगरिया अपने घर के बाहर मिला। तीनों आपस में बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान लीला सिंह ने आनंद के घरेलू मामले को लेकर टिप्पणी की। जवाब में आनंद ने भी लीला पर टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
गुस्से में लीला सिंह घर के अंदर गया और पेट्रोल से भरी बोतल लेकर बाहर आया। इससे पहले कि आनंद कुछ समझ पाता, लीला ने उसके ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस से आग लगा दी। देखते ही देखते आनंद आग की लपटों में घिर गया।
जान बचाने के लिए आनंद करीब 100 मीटर दूर स्थित डबरीनुमा तालाब की ओर भागा और उसमें छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। तालाब से बाहर निकलने के बाद संजय और अन्य परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के दौरान आरोपी लीला सिंह अगरिया का एक हाथ भी झुलस गया। पेट्रोल डालकर आग लगाते समय वह खुद भी इसकी चपेट में आ गया था।

अगले दिन संजय कुमार कंवर ने रजगामार पुलिस चौकी में घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी विनोद सिंह अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामूली विवाद में इस तरह की हिंसक घटना गंभीर अपराध है। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!